भास्कर न्यूज़ | बगोदर बगोदर प्रखंड के मंझीलाडीह गांव में रविवार को श्री श्री चैती दुर्गा पूजा सह रामनवमी पूजा समिति के पुनर्गठन को लेकर ग्रामीणों की बैठक की गई। सर्वसम्मति से जिप सदस्य दुर्गेश कुमार को वर्ष 2026 के लिए लगातार पांचवीं बार समिति का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। मोतीलाल शर्मा को सचिव, शंकर साव को कोषाध्यक्ष, हीरालाल राम को उपाध्यक्ष, संजय राणा को उपकोषाध्यक्ष, सतेंद्र दास को उपसचिव तथा कृष्णदेव को सह सचिव चुना गया। वहीं लक्ष्मण मिस्त्री और सुजीत शर्मा को संरक्षक बनाया गया। पूजा एवं मेले के सफल संचालन के लिए 51 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति का भी गठन किया गया। निर्णय लिया गया कि इस वर्ष मेले को और अधिक भव्य व आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। मेले में तारा माची, ब्रेकडांस, मीना बाजार, ड्रैगन झूला, टोरा-टोरा समेत विभिन्न मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। नवनियुक्त अध्यक्ष दुर्गेश कुमार ने ग्रामीणों से पूजा व प्रस्तावित भव्य मंदिर निर्माण कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की। उन्होंने मेला परिसर में नशा कर प्रवेश नहीं करने का आग्रह किया। साथ ही सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि पूजा अवधि के दौरान पूरे गांव में मांस और मदिरा की बिक्री एवं सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।


