बगोदर | जिप सदस्य और भाजपा बगोदर अध्यक्ष दुर्गेश कुमार ने बगोदर बीडीओ को पत्र सौंपा है। उन्होंने पुराने जीटी रोड पर महीनों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने की मांग की है। दुर्गेश ने बताया कि पिछले साल पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल गिरिडीह ने बगोदर में सौंदर्यीकरण का काम कराया था। संवेदक अमिताभ कंस्ट्रक्शन ने रोड के डिवाइडर में लाइट लगाई थी। बगोदर चौक से मंझीलाडीह होते हुए माहुरी ब्रिज तक लाइटें लगाई गई थीं। लेकिन ये लाइटें कभी ठीक से जली ही नहीं। कई महीनों से बंद पड़ी हैं। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे नाली और कुछ जगहों पर पेवर ब्लॉक भी लगाए गए थे। साई मंदिर के पास कृषि फार्म के सामने नाली टूट चुकी है। गंदा पानी और कचरा सड़क पर बह रहा है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है। बदबू और गंदगी से बीमारी फैलने का खतरा है। दुर्गेश ने कहा कि सौंदर्यीकरण के नाम पर बगोदर के लोगों के साथ मजाक हुआ है। उन्होंने जनहित में जल्द समाधान की मांग की है। बगोदर थाना गेट के पास उत्तर दिशा में गंदगी फैली है। पुलिस द्वारा जब्त वाहन सड़क किनारे खड़े हैं। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। थाना गेट के पास दुर्गंध से राहगीर परेशान हैं। पुरानी जीटी रोड पर अतिक्रमण और ऑटो की अव्यवस्था बनी हुई है। इससे सौंदर्यीकरण पर सवाल उठ रहे हैं। पूरी सड़क अव्यवस्थित है। प्रखंड प्रशासन और पुलिस ध्यान नहीं दे रहे हैं। बता दें कि इस सड़क के सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण पर साढ़े 13 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं।


