ब्यावर के आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक स्कूल में शुक्रवार को होली महोत्सव मनाया गया। स्कूल परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। इस दौरान पारंपरिक फाग गीत गूंजते रहे। महोत्सव का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। प्रिंसिपल नवीन कुमार सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि होली प्रेम, भाईचारे, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जुड़े रहने का महत्व समझाया। सैनी ने यह भी बताया कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।
महोत्सव के दौरान छात्रों और छात्राओं ने पारंपरिक फाग गीत, भजन और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। ‘रंग बरसे’ जैसे फाग गीतों पर पूरा वातावरण संगीतमय हो उठा। विद्यार्थियों ने फूलों और गुलाल का उपयोग करते हुए मर्यादित एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से होली खेली। उन्होंने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर प्रेम और एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन सुव्यवस्थित रहा। इस आयोजन को सफल बनाने में पदमा सोनी, ममता शर्मा, ममता सोनी, सीमा सोलंकी सहित सभी शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों का विशेष योगदान रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह होली महोत्सव विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक और पारंपरिक मूल्यों को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा।


