भास्कर न्यूज |जांजगीर अकलतरा के शासकीय स्कूल में बच्चों से पानी भरवाने का एक वीडियो वायरल हुआ है। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भैंसतरा, सबरियाडेरा में स्कूल में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चों को बाल्टियों में पानी भरकर ढोना पड़ रहा था। वीडियो में चार छात्र पानी से भरी बाल्टियां उठाकर स्कूल की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले में शैक्षिक समन्वयक बरपाली ललित सिंह मरकाम को डीईओ ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा है कि 18 फरवरी को वायरल वीडियो में संकुल अंतर्गत संचालित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय भैंसतरा के बच्चे विद्यालय परिसर के बाहर सड़क मार्ग से पानी लेकर विद्यालय की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। यह वायरल वीडियो आपके संकुल से संबंधित है। बच्चों के बयान के अनुसार मध्याह्न भोजन के समय पानी की कमी होने पर थाली धोने के लिए बच्चों ने पानी लाया। यदि उक्त संस्था में पानी की कमी या कोई समस्या थी, तो उसकी वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई? क्या आपने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को पानी की समस्या से अवगत कराया था? यदि नहीं, तो इसके लिए कारण स्पष्ट करें।


