राज्य बजट पर गुरुवार को विधान सभा में चर्चा शुरू हो गई। बजट चर्चा के दौरान भाजपा विधायक की कांग्रेस नेताओं पर की गई टिप्पणियों पर हंगामा हो गया।दरअसल भाजपा विधायक कैलाश वर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार विरासत में कर्ज का बड़ा बोझ छोड़ कर गई। पूरे प्रदेश को बर्बाद कर दिया। वर्मा ने डोटासरा पर तंज कसते हुए कहा कि मंत्रियों के लिए गाड़ियां हर सरकार में ली जाती हैं, इसमें मुख्यमंत्री का क्या दोष है। मंत्रियों के लिए फॉर्च्यूनर ली गई तो डोटासरा को तकलीफ हो गई। यही कार मंत्रियों के साथ नेता प्रतिपक्ष को भी मिली है। मुझे लगता है डोटासरा को मंत्रियों की नई कार से ज्यादा तकलीफ इस बात की है कि नेता प्रतिपक्ष को कैसे मिल गई? कांग्रेस की यह आदत है। कांग्रेस विधायकों ने इस पर आपत्ति की तो नोकझोंक हो गई। कैलाश वर्मा ने आपत्ति करने वाले कांग्रेस विधायकों से कहा कि मुझे क्या बोलना है.. यह आप तय नहीं करेंगे, आपको सुनना पड़ेगा। भास्कर लाइव- फतेहपुर में गौशाला की जमीन कब्जाने का मुद्दा छाया, घोघरा बोले-आदिवासियों के लिए विशेष अभियान चले रोहित बोहरा को रोको, कल 25 बार बोले: बजट पर बहस शुरू होने से पहले स्पीकर वासुदेव देवनानी ने सभी पार्टियों को उनका समय बताया कि कौन पार्टी कितने घंटे बहस में भाग लेगी। इस पर कांग्रेस सचेतक रफीक खान बोले- 3 घंटे मैडम को सुना तो एक घंटा तो ग्रेस में दे दो। स्पीकर बोले-आपके समय सीएम अशोक गहलोत 3 घंटे 19 मिनट बोल चुके, तब तो इनका समय और भी बाकी है। सदस्य केवल बजट पर बोलें, इधर-उधर की बातें नहीं करें, समय बचेगा। रफीक बोले-आप तो कृपलानी जी की कृपा करा देना। देवनानी बोले- आपके रोहित जी को शांत करो, बजट के दौरान 25 बार बोलते रहे, 15 बार मैंने नाम लेकर टोका। स्पीकर की बार-बार चेतावनी कार्यवाही स्थगित कर दूंगा: विधानसभा में कांग्रेस के हंगामे से नाराज स्पीकर ने कहा कि अगर यही रुख रहा तो दिन भर के लिए कार्यवाही स्थगित कर दूंगा। फिर भी हंगामा जारी रहा। बार-बार स्पीकर चेतावनी देते रहे। नाराज कांग्रेस विधायक सदन से वॉकआउट कर गए। बाल काले कराकर क्यूं आते हो- बजट पर बहस के दौरान कांग्रेस विधायक श्रवण कुमार कहा कि आप विजन 2047 की बात कर रहे हो, वो कब आएगा। लोग तो आज ही बूढ़े होते जा रहे हैं। आज की बात करो। इस पर सभापति संदीप शर्मा बोल पड़े- श्रवण जी, आप बूढ़े हो गए हो तो आप बाल काले क्यों करके आते हो, बाल काले मत किया करो।
कलयुग के देवता: कांग्रेस के श्रवण कुमार ने बजट चर्चा में कहा- सरकार ने कुछ नहीं दिया। इस पर भाजपा के कैलाश वर्मा ने चुटकी ली। बोले- श्रवण जी, आपने तो वीडियो बनाकर सीएम साहब की तारीफ की थी, कहा था- आप तो कलयुग में देवता हो। स्टेट हाईवे को टोल मुक्त करने का कोई विचार नहीं: दिया प्रश्नकाल के दौरान विधायक विक्रम बंशीवाल ने राज्य राजमार्गों पर हल्के मोटर वाहनों को टोल शुल्क से मुक्त करने को लेकर प्रश्न उठाया। डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने बताया कि 14 मई 2018 को हल्के वाहनों को टोल मुक्त किया गया था, लेकिन बाद में अधिसूचना निरस्त कर दी गई। अभी सरकार का हल्के वाहनों को टोल मुक्त करने का कोई विचार नहीं है। राज्य में 83 सड़कों पर टोल वसूला जा रहा हैं। राजस्थान राज्य राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा 27, आरएसआरडीसी द्वारा 39, रिडकोर द्वारा 13 एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा 4 सड़कों पर टोल संग्रहण किया जा रहा है। 17 फरवरी को बजट बहस का जवाब देंगी वित्त मंत्री
सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने सदन को बताया कि 12, 13, 16 और 17 फरवरी को बजट पर बहस होगी। 17 को वित्त मंत्री बजट बहस का जवाब देंगी। 18,19 को अनुदान मांगों पर बहस के बाद उन्हें पारित किया जाएगा।


