बजट में कैशलैस मेडिकल की सुविधा से खुश कर्मचारियों ने मनाया उत्सव

भास्कर न्यूज | बलौदाबाजार राज्य बजट में समस्त शासकीय कर्मचारियों के लिए कैशलैस मेडिकल सुविधा लागू करने की घोषणा के बाद जिले सहित प्रदेशभर के कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। इस निर्णय से कर्मचारियों, उनके आश्रित परिजनों और पेंशनर्स को गंभीर बीमारी की स्थिति में तत्काल उपचार सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। लंबे समय से उठाई जा रही इस मांग के पूर्ण होने पर कर्मचारियों ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। छत्तीसगढ़ कैशलैस चिकित्सा सेवा कर्मचारी कल्याण संघ के प्रदेश संयोजक रमेश नेगी ने मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई और चिकित्सा प्रतिपूर्ति में होने वाली देरी के कारण कर्मचारियों को आर्थिक एवं मानसिक दबाव झेलना पड़ता था। कई मामलों में इलाज के लिए पहले स्वयं राशि वहन करनी पड़ती थी, जिससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के कर्मचारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था। उन्होंने बताया कि एसईसीएल, बीएसपी और सीएसईबी सहित केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर कैशलैस चिकित्सा सुविधा लागू करने की मांग को लेकर संघ का गठन किया गया था। मांग को लेकर ज्ञापन सौंपने, पोस्टकार्ड अभियान चलाने और रक्षा सूत्र प्रेषण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाई गई। संघ का कहना है कि यह निर्णय कर्मचारियों के सामाजिक सुरक्षा अधिकार को मजबूत करेगा। घोषणा के बाद बलौदाबाजार जिले के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर दीपक सोनी, अपर कलेक्टर दीप्ति गौते और जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुहे से भेंट की। कर्मचारियों ने तिलक-गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *