बजट से चित्तौड़गढ़ को बड़ी उम्मीदें:पर्यटन, स्वास्थ्य और खेल, बजट से चित्तौड़गढ़ को तीन बड़ी उम्मीदें, आज खुलेगा बजट का पिटारा

राजस्थान विधानसभा में आज वित्त मंत्री दीया कुमारी द्वारा पेश किए जा रहे बजट को लेकर चित्तौड़गढ़ में खासा उत्साह और उम्मीदें हैं। जिले के लोग लंबे समय से कई जरूरी विकास कामों की मांग कर रहे हैं और इस बजट में उन पर घोषणा होने की आस लगाए बैठे हैं। सबसे बड़ी उम्मीद गम्भीरी नदी पर रिवर फ्रंट विकसित किए जाने को लेकर है। अगर इस दिशा में बजट में घोषणा होती है तो इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को घूमने के लिए एक नया स्थान मिलेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इसी तरह, चित्तौड़गढ़ में बायोलॉजिकल पार्क की मांग भी लंबे समय से उठती रही है। अगर सरकार इस परियोजना को मंजूरी देती है तो जिले में बाहर से आने वाले पर्यटकों का ठहराव बढ़ेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। हाल ही में जिले के प्रभारी मंत्री के सामने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय संगठनों द्वारा कई मांगें रखी गई थीं, जिनके प्रस्ताव भी तैयार किए गए हैं। चिकित्सा सुविधाओं को लेकर जिला अस्पताल में कैथ लैब की स्थापना और अन्य सुविधाओं के विस्तार की मांग प्रमुख है, ताकि गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े। खेलों के क्षेत्र में भी चित्तौड़गढ़ को बजट से उम्मीदें हैं। शहर में सिंथेटिक ट्रैक बनाने और इंदिरा गांधी स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं के साथ अपग्रेड करने की मांग की जा रही है, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर माहौल मिल सके। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ दुर्ग में दूसरे रास्ते की मांग भी काफी समय से की जा रही है। पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण वर्तमान में सिंगल रोड होने से आए दिन घंटों जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में यदि बजट में इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस घोषणा होती है, तो इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी। कुल मिलाकर आज का बजट चित्तौड़गढ़ के लिए कई नई उम्मीदें लेकर आया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *