भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र भेजकर आगामी बजट 2025 में व्यापार और उद्योग की प्रगति के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है। मंडल के अध्यक्ष प्यारे लाल सेठ और महामंत्री समीर जैन ने बताया कि व्यापारियों के हितों की रक्षा और राज्य की आर्थिक मजबूती के लिए कई अहम सुझाव दिए गए हैं। व्यापार मंडल ने बैंक लोन और संपत्ति गिरवी रखने पर 0.25% स्टांप ड्यूटी माफ करने की मांग की है। इससे “इन्वेस्ट पंजाब’ पहल को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारियों का वित्तीय बोझ कम होगा। बिजली दरों को लेकर भी व्यापारियों ने चिंता जताई है। उन्होंने व्यावसायिक और औद्योगिक बिजली दरों को समान करने और पड़ोसी राज्यों हिमाचल व जम्मू-कश्मीर के बराबर रखने की मांग की है। पट्टी-माखू रेलवे लिंक परियोजना को जल्द शुरू करने की अपील की गई है। व्यापार मंडल ने सरकार से रेलवे अधिकारियों को जरूरी भूमि हस्तांतरित करने की मांग की, ताकि यह परियोजना जल्द पूरी हो सके। राज्य में आधुनिक व्यापारिक हब स्थापित करने का भी प्रस्ताव दिया गया है, जिससे व्यापार बढ़ेगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। अमृतसर के यूनिटी मॉल में व्यापार मंडल कार्यालय खोलने की मांग की गई है, ताकि व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। पंजीकृत व्यापारियों के लिए व्यापक चिकित्सा बीमा योजना लागू करने और अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सस्ती अग्नि बीमा योजना शुरू करने की भी सिफारिश की गई है। व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए मार्गदर्शन कार्यक्रम शुरू करने की अपील की गई है, जिससे वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें। व्यापार लाइसेंस की प्रक्रिया को सरल बनाने और इसे ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पांच साल के लिए उपलब्ध कराने की मांग की गई है। व्यापारियों को एमएसएमई के तहत प्रदर्शनी सब्सिडी देने और गुजरात की तर्ज पर पंजाब में भी व्यापारियों की रिकवरी में पुलिस सहायता देने की मांग की गई है। औद्योगिक नीति 2022 के तहत पूंजी सब्सिडी समय पर देने और व्यापारियों को प्रोफेशनल टैक्स से छूट देने की भी सिफारिश की गई है। व्यापार मंडल ने कहा कि व्यापारी पहले से कई तरह के टैक्स भर रहे हैं, ऐसे में उन पर अतिरिक्त टैक्स का बोझ नहीं डाला जाना चाहिए।


