महासमुंद| जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को जनहितकारी और विकासोन्मुखी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे प्रदेश के समग्र विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पेश इस बजट में ग्रामीण विकास और कृषि क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गई है। किसानों की आय बढ़ाने और खेती को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रावधान किया गया है, जिससे कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। बजट में सिंचाई, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए पर्याप्त राशि का प्रावधान किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे का विकास होगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।


