बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम युवक की पिटाई की:युवती के साथ महाकाल दर्शन करने आया था, नाम सुनते ही घेरकर पीटा

उज्जैन के नानाखेड़ा क्षेत्र में सोमवार रात थाने के पास एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। युवक धोती-कुर्ता, त्रिपुंड और गले में रुद्राक्ष की माला पहने हुए था। वह युवती के साथ मोहाली से उज्जैन आया था। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़कर पूछताछ की और बाद में उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक खुद को शिव भक्त बता रहा है। युवक का नाम जफर खान है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि अलग-अलग राज्यों से आए युवक और युवती नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए हैं। करीब एक घंटे इंतजार के बाद होटल के बाहर धोती-कुर्ता पहने जफर खान नाम के युवक को कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने पहले हिंदू नाम बताया, लेकिन सख्ती करने पर अपना नाम जफर खान बताया। युवक ने कहा कि वह शिव भक्त है और युवती उसे भगवान शिव के दर्शन कराने उज्जैन लाई थी। दोनों ने महाकाल मंदिर, हरसिद्धि मंदिर और काल भैरव मंदिर के दर्शन किए थे। मुस्लिम नाम सुनते ही की पिटाई जफर खान को पकड़ने के बाद कार्यकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट की। करीब एक दर्जन से अधिक लोगों ने उसे घेरकर पहले पूछताछ की और नाम सामने आने के बाद पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान युवक के सिर से खून भी बहने लगा। घटना नानाखेड़ा थाने से करीब 50 मीटर दूरी पर हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। होटल में ठहरने को लेकर भी विवाद बजरंग दल के जिला संयोजक ऋषभ कुशवाह ने बताया कि युवक और युवती को कई होटल में कमरा नहीं मिला था। बाद में वे नानाखेड़ा क्षेत्र के एक होटल में रुके। उनका आरोप है कि युवक ने होटल में हिंदू नाम बताया था और पंडित की वेशभूषा में था। बाद में पूछताछ में उसने अपना नाम जफर खान बताया, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। दोनों मोहाली के निवासी, पुलिस कर रही जांच नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि युवक और युवती दोनों मोहाली के निवासी हैं। युवती की उम्र 32 साल है और दोनों अलग-अलग समुदाय से हैं। युवती को युवक के दूसरे धर्म का होने की जानकारी थी और दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। पुलिस ने आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *