बजरी से भरे डंपर ने पति-पत्नी और 2-बच्चों को कुचला:बाइक पर जा रहा था परिवार, सड़क पर बिखरे शव; परिजन बोले-थाना इंचार्ज को सस्पेंड करें

जालोर में बजरी से भरे डंपर ने बाइक सवार पति, पत्नी और 2 बच्चों को कुचल दिया। चारों की मौके पर ही मौत हो गई। उनके शव सड़क पर बिखर गए। हादसे से गुस्साए लोग रोड को जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। एक्सीडेंट सायला थाना इलाके के पोषाणा गांव में रविवार शाम करीब 6 बजे हुआ। थाना इंचार्ज महेंद्र सिंह ने बताया- बाइक पर बावतरा निवासी उत्तम पुरी (32), पत्नी पिंटा देवी (30), बेटा चिंटू (8) और राज (5) थे। उत्तम अपने ससुराल कोरा गांव, भीनमाल (जालोर) में एक शोकसभा में शामिल होने परिवार के साथ जा रहे थे। बाइक पर चिंटू आगे बैठा था। उत्तम बाइक चला रहा था। उसके पीछे राज और सबसे पीछे पिंटा देवी बैठी थीं। पोषाणा और उनड़ी गांव के बीच भीनमाल मेन रोड पर बजरी से भरे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। उत्तम और चिंटू वहीं गिर पड़े। पिंटा देवी और राज उछलकर दूर जाकर गिरे। एक्सीडेंट के बाद ड्राइवर डंपर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को 108 एंबुलेंस के जरिए सायला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। लोगों ने सड़क को किया जाम
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सिंगल लेन रोड पर सड़क किनारे बाइक पड़ी मिली। 5 मीटर दूर डंपर खड़ा था। डंपर के आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं थी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया और पत्थर डालकर पोषाणा-भीनमाल रोड को जाम कर दिया। लोगों ने आरोप लगाए हैं कि अवैध बजरी का ट्रांसपोर्ट हो रहा है। परिजन का आरोप है कि चार मौत होने के बाद भी पुलिस ने बजरी माफिया के दबाव में आकर शवों और दोनों वाहनों को मौके से हटा दिया। परिजन ने सायला थाना इंचार्ज महेंद्र सिंह पर बजरी माफिया से मिलीभगत का आरोप भी लगाया। पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। परिजन बोले- पूरे थाने को सस्पेंड किया जाए
मौके पर मौजूद परिजन ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने सेटिंग की है। चारों शवों को मौके से हटा दिया। पता नहीं उन्होंने रिश्वत ली या नहीं। जब हम पहुंचे तो मौके से वाहनों और शवों को हटा दिया था। पुलिस कह रही है कि रोड खोल दो। हमें धमकियां दी जा रही हैं। हमारी मांग यह है कि बजरी के अवैध डंपर चलना बंद होने चाहिए। इनके कारण कई लोगों का एक्सीडेंट हो चुका है। कोरा गांव के मालाराम के पोते का एक्सीडेंट 4 दिन पहले हुआ था। अब ये एक्सीडेंट हो गया। ऐसा नहीं चलेगा। पुलिस प्रशासन के जो अधिकारी यहां मौजूद थे, उन्हें सस्पेंड किया जाए। पूरे सायला पुलिस थाने को सस्पेंड किया जाए। हमारी यही मांग है कि सायला सीआई को सस्पेंड किया जाए। उसकी मिलीभगत से बजरी से भरा हुआ डंपर यहां से हटाया गया है। ननिहाल में रहता है बड़ा बेटा
उत्तम पुरी मजदूरी करते थे। उनका सबसे बड़ा बेटा राहुल ननिहाल (कोरा गांव) में ही रहता है। वह वहीं रहकर पढ़ाई करता है। देखिए, हादसे से जुड़ी तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *