पलामू जिले में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। सतबरवा थानाक्षेत्र के खामडीह गांव में 28 वर्षीय लाल बिहारी चौधरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय हुई जब उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य सावित्री पूजा के लिए गांव गए थे। जब परिजन पूजा से वापस लौटे तो उन्होंने लाल बिहारी को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका पाया। मौत की वजह साफ नहीं पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया। थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने बताया कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है। साल 2015 में हुई थी शादी लाल बिहारी की शादी 2015 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं – एक सात साल की बेटी और चार साल का बेटा। वह नशे की लत के शिकार थे। इससे पहले भी उन्होंने कई बार आत्महत्या का प्रयास किया था। कुछ समय पहले जहरीला पदार्थ का सेवन किया था और एक बार कुएं में कूदने की भी कोशिश की थी, जिससे स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाया था।


