बठिंडा जिले के फूल थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 दिन के भीतर दो भाई-बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। ग्रामीणों ने दोनों बच्चों की मां पर संदेह जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार, करीब 15 दिन पहले एक 9 साल की लड़की की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी, जिसका परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था। शुक्रवार रात उसी लड़की के सात वर्षीय छोटे भाई फतेहवीर की भी मौत हो गई। इसके बाद गांव के लोगों ने मृतक बच्चों की मां पर संदेह व्यक्त किया। आरोप है कि प्रेम संबंधों के चलते महिला ने अपने बच्चों को चूहें मारने की दवा दे दी, जिससे उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने जाहिर किया बच्चों की मांग पर शक शनिवार सुबह गांव के सरपंच और अन्य ग्रामीण फूल थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की कि दोनों भाई-बहन की मौत को लेकर उन्हें उनकी मां पर संदेह है, इसलिए दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच की जाए। गांव निवासी भरपूर सिंह ने बताया कि वे गांव वालों के साथ पुलिस के पास पहुंचे हैं और पूरे गांव को बच्चों की मौत पर संदेह है। रामपुरा फूल के डीएसपी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस अब मृतक बच्चे का पोस्टमार्टम कराएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


