पंजाब में बठिंडा के गांव तीओना में 13 साल की एक नाबालिग लड़की को होटल में ले जाकर रेप किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक लड़की के पड़ोस में ही रहता था और तलाकशुदा था। आरोपी लड़की को लेकर एक होटल में गया, जहां रेप की वारदात को अंजाम दिया गया। डीएसपी ग्रामीण हीना गुप्ता ने बताया कि थाना सदर पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई थी कि थाना क्षेत्र के गांव में अपने पिता के साथ रहने वाली 13 साल की लड़की से उसके पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने ही रेप की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि गांव निवासी लड़की के मकान के पास ही एक तलाकशुदा युवक निर्भय सिंह भी रहता था। बताया जाता है कि निर्भय सिंह लड़की को लेकर एक होटल में गया और रेप किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड दिखाकर होटल में कमरा बुक किया था। वारदात के बाद जब लड़की अपने घर लौटी तो गुमसुम थी। परिजनों ने जब उससे बात करने का प्रयास किया तो वह मौके से भाग गई। इसके बाद किसी तरह से परिजनों ने उसे समझा बुझाकर बातचीत की तो लड़की ने बताया कि पड़ोसी ने उसके साथ रेप किया है। डीएसपी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के बाद थाना सदर पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया और आरोपी के खिलाफ पोस्को एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।


