पंजाब में बठिंडा के सब डिवीजन तलवंडी साबो के गांव लेलेवाला में गैस पाइपलाइन बिछाने को लेकर किसान और पुलिस फिर आमने सामने दिखाई दिए। किसानों ने गैस पाइप लाइन बिछाने के कार्य का विरोध किया, जिस पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बता दें कि बठिंडा जिले के किसान लंबे समय से गैस पाइपलाइन के लिए अधिग्रहित की गई जमीन का पूरा मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। कई बार किसान यूनियन और पुलिस का आमना-सामना हो चुका है। किसानों और पुलिस के बीच हाथापाई तक हो चुकी है। गैस पाइप लाइन बिछाने का विरोध आज फिर बड़ी संख्या में पुलिस प्रशासन ने गांव में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात करके गैस पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया। इसकी जानकार मिलते ही भारतीय किसान यूनियन उग्राहां के बैनर तले सैकड़ों किसान मौके पर जमा हो गए और प्रशासन का विरोध किया। किसान नेता हरजिंदर सिंह ने कहा कि जब तक उन्हें गैस पाइपलाइन बिछाने का पूरा मुआवजा नहीं मिलेगा तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। वे गैस पाइपलाइन बिछाने का विरोध करेंगे और बड़ी संख्या में किसान गैस पाइपलाइन वाली जगह पर इकट्ठा होंगे। सुबह गैस पाइपलाइन ट्रक को भी किसानों ने घेर लिया था, जिसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस ने किसानों के ट्रक को वापस लौटाया और इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच काफी बहस भी हुई।


