पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया बठिंडा पहुंचे। जहां उन्होंने एम्स अस्पताल के पास स्थित मित्तल धर्मशाला में मीडिया से बातचीत की।बता दे कि कटारिया ने बठिंडा एम्स अस्पताल के महत्व पर प्रकाश डाला। राज्यपाल ने कहा कि इस अस्पताल से न केवल पंजाब, बल्कि हरियाणा और राजस्थान के लोगों को भी सस्ती दरों पर इलाज की सुविधा मिल रही है। एम्स में कई ट्रांसप्लांट भी शुरू हो गए हैं, जिससे चंडीगढ़ पीजीआई पर दबाव कम होगा और मरीजों को लाभ मिलेगा। नशे से दूर रहने की अपील वहीं नशे के खिलाफ जंग अभियान पर बोलते हुए राज्यपाल ने कहा कि केवल सरकार या कानून से नशा मुक्ति संभव नहीं है। उन्होंने आम जनता, स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों से सहयोग की अपील की, ताकि देश के नागरिकों को मजबूत बनाया जा सके। सरकार के नशा विरोधी अभियान का किया जिक्र गुलाबचंद कटारिया ने राज्य सरकार द्वारा मार्च से शुरू किए गए नशा विरोधी अभियान का भी जिक्र किया। राज्यपाल ने बताया कि 31 दिसंबर तक 31 हजार एफआईआर दर्ज की गई हैं और 41 हजार ड्रग तस्कर गिरफ्तार हुए हैं। इस दौरान 1900 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई, जिसमें ड्रोन के जरिए आने वाली हेरोइन भी शामिल है। तस्करों के घरों को किया जाएगा जब्त कटारिया ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर इस अभियान में सहयोग कर रही हैं। अभियान का दूसरा चरण शुरू हो गया है, जिसमें ड्रग तस्करों के घरों को भी जब्त किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस दिशा में उठाया गया हर कदम अंततः सफलता दिलाएगा।


