बठिंडा जिला पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी कामयाबी हासिल की है। थाना सिविल लाइंस पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 13 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। गुप्त सूचना पर दोनों काबू डीएसपी सिटी-2 सरबजीत सिंह बराड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस काफी समय से इन चोरों की तलाश कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में जसपिंद्र शर्मा गांव घुददा का रहने वाला है। दूसरा आरोपी हरप्रीत हैप्पी महमा सरजा का रहने वाला है। जसपिंद्र एक आदतन अपराधी है। उस पर पहले भी कई चोरी के मामले दर्ज हैं। नेटवर्क की तलाश में टीम डीएसपी बराड़ ने चेतावनी दी है कि चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई होगी। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की जांच कर रही है। इस कार्रवाई से शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।


