बठिंडा जिले के मौड़ मंडी के विधायक सुखवीर सिंह ने नगर परिषद प्रधान करनैल सिंह को कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस गणतंत्र दिवस पर विधायक के खिलाफ एक वायरल वीडियो में लगाए गए कथित झूठे और निराधार आरोपों के संबंध में भेजा गया है। एडवोकेट रामनदीप शर्मा के कार्यालय से भेजे गए इस नोटिस में कहा गया है कि 26 जनवरी, 2026 को मौड़ में आयोजित ध्वजारोहण समारोह के दौरान प्रधान करनैल सिंह ने विधायक सुखवीर सिंह पर आरोप लगाए थे। इन आरोपों को एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश का हिस्सा बताया गया है।
विधायक ने भेजा नोटिस नोटिस के अनुसार, सुखवीर सिंह को 2022 में मौड़ निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुना गया था। उन्होंने खुद को एक ईमानदार व्यक्ति बताया है, जिन पर कोई आरोप नहीं है और वे जन कल्याण कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। विधायक ने सरकारी अनुदानों के ईमानदारी से उपयोग का भी दावा किया है।
छवि धूमिल करने का लगाया आरोप नोटिस में आरोप लगाया गया है कि प्रधान करनैल सिंह ने विधायक पर “तीस लाख में खरीदा है” जैसे झूठे आरोप लगाए, जिसके लिए उनके पास कोई सबूत नहीं था। विधायक का कहना है कि इन आरोपों का उद्देश्य उन्हें राजनीति और जनता के बीच बदनाम करना और आम आदमी पार्टी तथा सरकार में उनकी छवि धूमिल करना था। आरोप से परेशान विधायक विधायक सुखवीर सिंह ने कहा है कि इन आरोपों के कारण वे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान हैं, क्योंकि संबंधित वीडियो सभी सोशल साइट्स पर वायरल हो गए हैं और प्रसारित किए जा रहे हैं।


