बठिंडा में हत्या कर शव को प्लाट में दफनाया:नर्स से मिलने घर गया था युवक, नशे की ओवरडोज दी, महिला समेत 3 गिरफ्तार

बठिंडा में भुच्चो मंडी में 18 साल के बलजिंदर सिंह उर्फ लभ्भी की हत्या कर लाश जमीन में दबाने के मामले को नथाना पुलिस ने ट्रेस कर लिया है। पुलिस ने बलजिंदर सिंह की हत्या करने के मामले में आरोपी नर्स मीनाक्षी भट्‌टी निवासी भुच्चो मंडी, नछत्तर सिंह निवासी भुच्चो मंडी और यादविंदर सिंह निवासी भैणी महराज को गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि थाना नथाना पुलिस को मृतक बलजिंदर सिंह के पिता मेला सिंह ने शिकायत दी थी कि उसका लड़का बलजिंदर सिंह 2 दिसंबर को अचानक घर से लापता हो गया। उसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की तो पता चला कि बलजिंदर सिंह आरोपी नर्स मीनाक्षी के पास उसके घर गया था। पुलिस ने मीनाक्षी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की तो उक्त मामले का खुलासा हुआ। युवक को दी नशे की ओवरडोज आरोपी नर्स ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि बलजिंदर सिंह उसके पास अकसर आता जाता था। मीनाक्षी भी नशे की आदी है। मृतक बलजिंदर सिंह, मीनाक्षी, नच्छतर सिंह और यादविंदर सिंह चारों एक साथ नशा करते थे। 2 दिसंबर को जब बलजिंदर मीनाक्षी के घर पहुंचा तो मीनाक्षी ने उसे नशे की ओवरडोज दे दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद तीनों ने बलजिंदर सिंह का शव अपने घर के प्लाट पीछे दफना दिया। 16 दिसंबर को आस-पास बदबू आने पर लाश को बाहर निकाला गया तो पूरे मामले में खुलासा हुआ। ड्यूटी से गैरहाजिर होने पर विभाग ने नौकरी से निकाला पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना नथाना में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। मीनाक्षी जो भुच्चो मंडी के सरकारी अस्पताल में स्टाफ नर्स थी। जब उसे नशे की लत लग गई तो वो अकसर ही ड्यूटी से गैरहाजिर रहने लगी। इस कारण सेहत विभाग ने उसे नौकरी से डिसमिस कर दिया था। वहीं, आरोपी नच्छतर सिंह और यादविंदर सिंह जो रिश्तेदारी में जीजा-साले हैं। दोनों ही नशे के आदी हैं। इस के चलते दोनों महिला मीनाक्षी के घर जाकर नशा करते थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *