बड़वानी के सांवरिया सेठ मंदिर में सतरंगी फाग उत्सव:चंद्रमा की रोशनी में श्रद्धालुओं ने उड़ाए रंग-गुलाल; भजनों पर थिरके

बड़वानी शहर के बायपास स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर का प्रांगण बुधवार देर रात फाग उत्सव के अवसर पर सतरंगी हो उठा। धुलेंडी के मौके पर आयोजित इस उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने देर रात तक रंग-गुलाल उड़ाकर पर्व का आनंद लिया। पूर्ण चंद्रमा की रोशनी में मंदिर परिसर का सतरंगी नजारा देखते ही बन रहा था। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने उड़ाए रंग-गुलाल श्रद्धालुओं ने भगवान सांवरिया सेठ की आरती की, डोला सजाया और भजनों के साथ भगवान को भ्रमण कराया। इस दौरान रंगों और फूलों की बौछार कर फाग उत्सव मनाया गया, जिससे पूरा मंदिर प्रांगण सतरंगी हो गया। एक मंच पर महिलाएं राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सज्जित होकर भजनों पर नृत्य प्रस्तुत कर रही थीं। श्रद्धालुओं ने रंग-गुलाल खेलते हुए मोबाइल से सेल्फी लेकर इन पलों को यादगार बनाया। भजनों की धुन पर भक्त थिरके श्री सांवरिया सेठ सेवा संस्थान के देखरेख में आयोजित इस भव्य उत्सव के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। समिति के अखिलेश मुकाती ने बताया कि कार्यक्रम के लिए लगभग तीन क्विंटल सतरंगी गुलाल और दो क्विंटल से अधिक फूलों की पंखुड़ियां मंगवाई गई थीं। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण ब्रजधाम जैसा प्रतीत हो रहा था। देर रात तक संगीत और भजनों की धुन पर भक्तों की टोलियां उत्सव का आनंद लेती रहीं, जिसके समापन पर महाप्रसादी वितरित की गई। भगवान की महाआरती से शुरु हुआ कार्यक्रम कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री सांवरिया सेठ की महाआरती से हुई। इसके बाद भजन संध्या का दौर प्रारंभ हुआ, जिसमें नर्मदापुरम की सुप्रसिद्ध भजन गायिका पदमा साहू ने फाग और होली से जुड़े मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। नागपुर के भजन गायक अभिषेक शर्मा ने भी श्री राधा-कृष्ण एवं सांवरिया सेठ के भजनों से समां बांध दिया। आर.एन. म्युजिकल ग्रुप की लाइव बैंड प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। ढोल, तबला, की-बोर्ड और अन्य वाद्य यंत्रों की सुमधुर ध्वनि के बीच श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *