बड़वानी शहर के अंजड़ नाका स्थित ए.बी. फ्यूल सेंटर के पीछे डीजल के बकाए पैसों को लेकर विवाद हो गया। विवाद में पिता-पुत्र पर हमला किया गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज आज सोमवार को सामने आया है। जिसके आधार पर बड़वानी थाने में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, स्नेह नगर निवासी जाकिर मंसूरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रविवार की शाम करीब 4 बजे बोरलाय निवासी आरिफ और उसके भाई फारुख के साथ डीजल के लेन-देन को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद में युवक पर पत्थर से हमला विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान फारुख ने वहां रखे पेवर पत्थर से जाकिर के पुत्र साजिद के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे जाकिर के साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घायल ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग घटना के बाद घायल साजिद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। साजिद मंसूरी ने बताया कि उनकी कोई गलती नहीं थी और सामने वाले पक्ष ने अचानक हमला किया। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। टीआई बोले-सीसीटीवी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। जाकिर मंसूरी की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धाराओं में अपराध क्रमांक 101/2026 दर्ज किया गया है। घायलों का मेडिकल परीक्षण (एमएलसी) कराया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी प्राप्त हुई है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


