बड़ी बिल्डिंग से काम नहीं, वार्डों से निगम चलेगा: रोशनी

भास्कर सवाल: अगले 100 दिनों में सबसे पहला काम क्या करेंगी रांची की मेयर बनने के बाद दैनिक भास्कर ने रोशनी खलखो का पहला इंटरव्यू लिया। चुनाव प्रचार में तो सभी प्रत्याशी रांची को इंदौर और गुजरात की तरह बनाने का दावा कर रहे थे,लेकिन चुनाव में मिली जीत जिम्मेदारी में बांध देती है। इस पर दैनिक भास्कर ने रोशनी से सीधा पूछा कि अब आप मेयर बन गई है। जल्द ही शपथ ग्रहण के बाद मेयर की कुर्सी संभालेंगी। ऐसे में अगले 100 दिनों में सबसे पहला काम क्या करेंगी। इस पर उन्होंने कहा कि मैं इस शहर की बेटी हूं। आम जनता पिछले तीन वर्षों से अफसरों की मनमानी की शिकार थी। हरेक काम कराने के लिए नगर निगम की बड़ी बिल्डिंग में आना पड़ता था। अफसरों की चिरौरी करनी पड़ती थी। बावजूद काम नहीं होता है। अब यह व्यवस्था बदलेगी। आम लोगों का काम नगर निगम की बड़ी बिल्डिंग से नहीं होगा। हरेक वार्ड में वार्ड कार्यालय से निगम की सेवाओं का लाभ लोगों को मिलेगा। वार्डों से ही निगम चलेगा। लोगों की समस्याएं उनके मुहल्ले में सुनी जाएगी और वहीं से समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने शहर को साफ-स्वच्छ बनाने, निगम में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने की बात कही। रात में प्रमुख सड़कों की होगी सफाई, बिना नक्शावाले घर नियमित होंगे, जनता पर नया टैक्स नहीं रांची की सफाई में करोड़ों रुपए खर्च होते हैं फिर भी शहर गंदा है, कैसे साफ कराएंगी? – शहर को साफ-स्वच्छ बनाने का रोड मैप मेरे पास है। रात में ही प्रमुख सड़क, बाजार साफ होंगे। सुबह 9 बजे से पहले घरों से कूड़ा निकलेगा। शहर को डस्टबिन फ्री बनाने के साथ गार्बेज फ्री सिटी बनाएंगे। हरेक घरों से कूड़ा उठाव की मॉनिटरिंग भी होगी। कचरा फैलाने वालों को जागरूक करेंगे। नहीं मानने पर सख्ती होगी। गर्मी शुरू हो गई है, ऐसे में आधे शहर में पानी की किल्लत होगी। कैसे निपटेंगीं ? – इस गर्मी सबसे पहले टैंकरों से जलापूर्ति शुरू कराई जाएगी। जिन वार्डों में पाइपलाइन बिछ गई है और कनेक्शन घरों तक पहुंच गया है। वहां पानी पहुंचाने के लिए सभी विभागों की मीटिंग होगी। समस्या दूर करके पानी पहुंचाया जाएगा। चुनाव प्रचार में बिना नक्शा के बने घरों को नियमित करने का वादा किया गया था,अब आगे क्या कार्रवाई होगी ? – बिना नक्शा के बने घरों को नियमित करने के लिए प्रस्ताव पास करके सरकार को भेजेंगे। राज्य सरकार इस पर निर्णय नहीं लेती है तो इस मामले को लेकर आंदोलन करेंगे। हाईकोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेंगे। लोगों का घर किस कीमत पर टूटने नहीं देंगे। शहर में सीवरेज-ड्रेनेज नहीं है। इसका खामियाजा पूरा शहर भुगत रहा है। जलजमाव से कैसे मुक्ति मिलेगी? – जल जमाव अफसरों की लापरवाही से होती है। पठारी क्षेत्र में जल जमाव होना दुर्भाग्यपूर्ण है। केंद्र सरकार से समन्वय बनाकर सीवरेज-ड्रेनेज का फंड लाएंगे। रांची के सभी चार जोन में ड्रेनेज सिस्टम महानगर की तर्ज पर विकसित करेंगे। इतने सारे काम तो आप गिना रही हैं, क्या रांची नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए कोई नया टैक्स लगाएंगी? – जनता पर कोई नया टैक्स नहीं लगेगा। केंद्र सरकार से फंड मांगा जाएगा। निगम क्षेत्र के विस्तार का प्रयास करेंगे, ताकि नए क्षेत्र शामिल होने से अधिक राजस्व मिले। आम जनता पर कोई नया टैक्स नहीं लगने देंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *