बड़ की ढाणी के खेतों में लेपर्ड शावकों का मूवमेंट:गेहूं की फसल में तीन दिखे, ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग की

गुढ़ागौड़जी क्षेत्र की गुढ़ाबावनी पंचायत के बड़ की ढाणी की रोही में मंगलवार शाम लेपर्ड की मौजूदगी से हड़कंप मच गया। प्रदीप चौधरी नामक ग्रामीण ने अपने खेत में गेहूं की फसल के बीच तीन पैंथर शावक देखे। प्रदीप चौधरी दूध लेने जा रहे थे, तभी उन्होंने अचानक शावकों को देखा। वे कुछ देर घबराए, लेकिन हिम्मत जुटाकर मोबाइल से उनका वीडियो बना लिया। शावक कुछ देर खेत में घूमने के बाद पड़ोसी के खेत की ओर बढ़ गए। घटना की सूचना फैलते ही चार-पांच अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी शावकों को फसल में घूमते हुए देखा। यह वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का मानना है कि जहां शावक हैं, वहां आसपास मादा लेपर्ड भी हो सकती है, जिससे खतरे की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर शावक दिखाई दिए, वहां से पहाड़ी महज 500 मीटर की दूरी पर है, जिससे वन्यजीवों की आवाजाही की संभावना बनी रहती है। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों ने बच्चों और महिलाओं को अकेले खेतों में नहीं जाने की सलाह दी है। शाम के समय समूह में निकलने की हिदायत भी दी जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। फिलहाल, प्रशासन को इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, लेकिन ग्रामीण अपने स्तर पर सतर्कता बरत रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *