भास्कर न्यूज | अमृतसर जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहा। जिसके चलते लोगों को गर्मी ने काफी सताया। वहीं दूसरी तरफ सिविल सर्जन ने भी लोगों को गर्मी के प्रति जागरूक करते हुए एडवाइजरी जारी कर दी है। सिविल सर्जन अमृतसर डॉ. किरणदीप कौर ने कहा कि प्रचंड गर्मी के कारण लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। गर्मी और आर्द्रता के संपर्क में आने से निर्जलीकरण, तापघात, बुखार, सिरदर्द, उल्टी, दस्त और कई अन्य समस्याएं हो सकती हैं। विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों को इस मौसम में विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। इस मौसम में थकान, बुखार, उल्टी, दिल की धड़कन तेज होना आदि लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसी परिस्थितियों में लोगों को स्वयं दवा लेने से बचना चाहिए तथा कोई भी लक्षण दिखने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्र में विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। इस अवसर पर जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. हरजोत कौर, जिला एमईआईओ अमरदीप सिंह व समस्त स्टाफ उपस्थित था। बाहर जाने से पहले शरीर को पूरी तरह से ढकना चाहिए, सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनने चाहिए। संतुलित और घर का बना भोजन खाना चाहिए, धूप में बाहर जाने से बचना चाहिए और आसपास की सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। गर्मी में जितना संभव हो सके नींबू पानी, लस्सी, नारियल पानी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें।


