बनाया डिवाइस: मोबाइल पर कमांड देते ही पंखें-लाइट होते हैं चालू-बंद

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर अंबिकापुर के रामपुर हायर सेकेंडरी स्कूल की शिक्षिका और दो छात्रों ने मिलकर विज्ञान के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन किया है। स्कूल में छुट्टी के बाद लाइट और पंखे खुले छोड़ देने की आम समस्या से निपटते हुए इन्होंने एक ऐसा वायस एंड ब्लूटूथ कंट्रोल होम ऑटोमेशन सिस्टम तैयार किया है, जो अब मोबाइल की आवाज (वायस कमांड) पर काम करेगा। इस नवाचार को मुंबई में आयोजित पश्चिम भारत विज्ञान मेला की बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। स्कूल की रसायन शास्त्र की शिक्षिका चंदा श्रीवास्तव ने देखा कि छुट्टी के बाद अक्सर छोटे बच्चे क्लास की लाइट और पंखे चालू छोड़कर चले जाते थे। दो मंजिला इमारत होने के कारण चपरासी के लिए हर क्लास में जाकर इन्हें बंद करना चुनौतीपूर्ण था और इससे स्कूल का बिजली बिल भी अनावश्यक रूप से बढ़ रहा था। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए उन्होंने प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया। शिक्षिका ने कक्षा 12वीं के छात्र ललित कुमार राजवाड़े और 11वीं के शौर्य कुमार महंत के साथ मिलकर करीब तीन महीने तक रिसर्च किया। ग्रामीण परिवेश से आने वाले इन छात्रों के पास संसाधनों की कमी थी, लेकिन जुनून भरपूर था। स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों बच्चे शिक्षिका के घर पर घंटों प्रयोग करते और अलग-अलग किताबों व इंटरनेट के जरिए नई तकनीक सीखते थे। यह डिवाइस मोबाइल से ब्लूटूथ के जरिए कनेक्ट होता है। इसके बाद जैसे ही मोबाइल पर लाइट बंद या पंखे चालू करने का कमांड दिया जाता है, क्लास के उपकरण तुरंत प्रतिक्रिया करते हैं। शिक्षिका श्रीवास्तव अब इसे जिले के अन्य सरकारी स्कूलों में भी इंस्टॉल कराना चाहती हैं, ताकि ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिले। मुंबई के पश्चिम भारत विज्ञान मेले में रामपुर स्कूल के वॉइस एंड ब्लूटूथ कंट्रोल सिस्टम ने प्रथम स्थान हासिल किया। शिक्षिका चंदा श्रीवास्तव व छात्रों के नवाचार की हर तरफ सराहना हुई। अंबिकापुर लौटने पर कलेक्टर अजीत वसंत ने प्रदर्शनी लगवाकर अन्य बच्चों को भी इस सफलता से प्रेरित किया। कूलर, फ्रिज और टीवी भी कर सकते है ऑपरेट वायस एंड ब्लूटूथ कंट्रोल होम ऑटोमेशन सिस्टम के जरिए सिर्फ पंखे और लाइट ही नहीं, घर में टीवी, कूलर और फ्रिज को भी कंट्रोल किया जा सकता है। आप अगर टीवी चालू कर घर से चले जाते हैं, तो मोबाइल से ही उसे बंद कर सकते हैं। अभी स्कूल के एक कमरे में पंखा-लाइट चालू-बंद करने सिर्फ 800 रुपए में बनाया गया डिवाइस इंस्टॉल किया गया है। पूरे घर में इसी डिवाइस को इंस्टॉल करने करीब 2200 रुपए के खर्च में यह डिवाइस बनकर तैयार होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *