टोंक SP राजेश कुमार मीणा ने बनेठा थाने के दो कॉन्स्टेबलों को लाइन हाजिर कर दिया। विभागीय स्तर पर इसे ड्यूटी में लापरवाही की कार्रवाई बताया जा रहा है। जबकि स्थानीय स्तर पर मामला अवैध बजरी खनन और परिवहन से जुड़ी सांठ-गांठ की शिकायतों से जोड़कर देखा जा रहा है। एसपी ने मामले को गंभीर मानते हुए दोनों के खिलाफ जांच भी शुरू कर दी है। एसपी राजेश कुमार मीना ने बताया- कॉन्स्टेबल ड्राइवर नरेन्द्र सिंह राजपूत और कॉन्स्टेबल विक्रम सिंह मीणा को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के कारण लाइन हाजिर किया गया है। दोनों के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली को भरा बताकर बनाया मुकदमा दरअसल, कुछ दिन पहले बनेठा थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली को बजरी से भरा दिखाकर मुकदमा दर्ज कर लिया था। पीड़ित ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की थी। हालांकि शिकायतकर्ता के खिलाफ राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज होने के बाद वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है।


