भरतपुर में बयाना-भरतपुर स्टेट हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। शनिवार रात अगावली गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में बछामदी निवासी चतुर्भुज (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय चतुर्भुज अपने साले प्रमोद जांगिड़ (23) के साथ अपनी ससुराल बयाना के नगला चिम्मन से अपने गांव बछामदी लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर नगला बहादुरिया के आकाश (20) और भीकम (30) बयाना की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चतुर्भुज की मौके पर ही मौत हो गई। झील चौकी पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को बयाना सीएचसी पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल आकाश और भीकम को कैलादेवी झील का बाड़ा सीएचसी से भरतपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक चतुर्भुज के शव को बयाना सीएचसी की मोर्चरी में रखा गया है, जिसका पोस्टमार्टम रविवार सुबह किया जाएगा।


