बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूल से लौट रहे 11वीं के छात्र को कुचल दिया। घटना में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। मामला भरतपुर जिले के बयाना शहर के कुंडा तिराहे का है। एसएचओ बाबूलाल गुर्जर ने बताया- शनिवार दोपहर 2 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल बयाना में पढ़ने वाला धीरज (17) स्कूल की छुट्टी के बाद कुंडा तिराहे पर स्थित राष्ट्रीय अंबेडकर हॉस्टल जा रहा था। इस दौरान हॉस्टल से 150 मीटर पहले एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में धीरज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया और बजरी रोड पर फैल गई। इस दौरान ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस और बयाना के गांव नगला होता महरावर से मौके पर पहुंचे। इस दौरान बच्चे का शव देखकर घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गुस्साए परिजन और ग्रामीण ने सरकारी अस्पताल के आगे ही स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। महिलाएं सड़क पर बैठकर विरोध करने लगीं। परिजन आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। सूचना पर तहसीलदार लालचंद, डीएसपी कृष्णराज जांगिड़, एसएचओ बाबूलाल गुर्जर ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की। इस दौरान जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने मृतक का शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।


