पंजाब के बरनाला जिले के तपा में पुलिस ने चार युवकों को नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डीएसपी तपा गुरप्रीत सिंह सिद्धू की देखरेख में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। थाना तपा के प्रभारी शरीफ खान ने बताया कि महिला थानेदार निंदरपाल कौर के नेतृत्व में दविंदर सिंह, संदीप सिंह, बलविंदर सिंह की टीम इलाके में गश्त कर रही थी और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। गश्त के दौरान जब टीम ड्रेन घुन्नस साइड पहुंची, तो एक पेड़ के नीचे चार व्यक्ति बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर चारों युवक घबरा गए, जिससे उन पर संदेह हुआ। तलाशी लेने पर उनके पास से एक लिफाफे में रखी 110 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने तत्काल चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ कालू (नया बस स्टैंड तपा), प्रदीप सिंह उर्फ कद्दू (ढिल्लों बस्ती), लवप्रीत सिंह उर्फ लवली (ढिल्लों बस्ती तपा) और अमरीक राम उर्फ मिक्का (बस अड्डा ताजोके) के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे से संबंधित कोई भी जानकारी निडर होकर पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।


