बरनाला में कांग्रेस पार्टी ने विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला जलाया। यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के खिलाफ दर्ज मामले के विरोध में किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को डीसी कार्यालय से कचहरी चौक तक रोष मार्च निकाला। विधायक काला ढिल्लों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अंबेडकर ने देशवासियों को समानता का अधिकार दिया और संविधान की रचना की। आप पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप बाजवा मामले पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है। उन्होंने बताया कि बाजवा एक जिम्मेदार नेता हैं जो बिना तथ्यों के कोई बयान नहीं देते। विधायक ने कहा कि पंजाब में 55 बम लाने की जानकारी एक हिंदी अखबार में भी छपी थी। पंजाब की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल उन्होंने बताया कि बाजवा की जान खतरे में है। उनके पिता की जान बम धमाके में जा चुकी है और बाजवा पर भी बम हमला हो चुका है। काला ढिल्लों ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य का हर निवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। भाजपा नेता के घर पर ग्रेनेड हमला उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के बजाय पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पंजाब में पुलिस थानों पर ग्रेनेड हमले किए गए हैं और वरिष्ठ भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर भी ग्रेनेड हमला किया गया है। इसलिए पंजाब सरकार को कानून व्यवस्था की स्थिति पर नियंत्रण रखना चाहिए।


