बरनाला में कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत:पुलिसकर्मी का बेटा चला रहा था गाड़ी, सड़क पर शव रखकर लगाया जाम

पंजाब के बरनाला जिले में एक सड़क हादसे में 70 वर्षीय साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर दी। उनका आरोप था कि टक्कर मारने वाली कार एक पुलिसकर्मी की थी और पुलिस कार्रवाई से बच रही थी। यह हादसा हंडियाया के गुरुद्वारा अडीसर साहिब के पास हुआ, जब मलकीत सिंह साइकिल पर जा रहे थे। पीछे से आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के रिश्तेदार राम सिंह, रूप सिंह, करनैल सिंह और मनजीत कौर ने आरोप लगाया कि सभी को पता था कि दुर्घटनाग्रस्त कार किसकी है, लेकिन पुलिस अज्ञात वाहन बताकर कार्रवाई करने से कतरा रही थी। इसके विरोध में उन्होंने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया।
पुलिस बोली- कार ड्राइवर अरेस्ट, मामला दर्ज पुलिस चौकी हंडियाया के इंचार्ज इंस्पेक्टर तरसेम सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया था। उन्होंने कहा कि परिजनों के बयान के आधार पर कार ड्राइवर मनवीर सिंह के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और टक्कर मारने का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। परिजनों ने बताया कि आरोपी मनवीर सिंह एक पुलिसकर्मी का बेटा है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने अपना धरना समाप्त कर दिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *