पंजाब के बरनाला जिले में नेशनल हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा एक अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से हुआ। मृतक युवक की पहचान गुरमीत सिंह निवासी ढिलवा के रूप में हुई है। वह अपने पड़ोसी हाकम सिंह निवासी ढिलवा के साथ बाइक पर दवाई लेने रामपुरा जा रहा था। गुरमीत का भाई बब्बी सिंह और गुरतेज सिंह अपनी गाड़ी में उनके पीछे चल रहे थे। शिकायतकर्ता बब्बी सिंह के अनुसार, जब वे बाबा इंदरदास डेरा के पास नेशनल हाईवे बहाद, तपा के नजदीक पहुंचे, तो गुरमीत सिंह और हाकम सिंह उनसे आगे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन के ड्राइवर ने लापरवाही से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। साथी के सिर और पैर में गंभीर चोट टक्कर इतनी भीषण थी कि गुरमीत सिंह के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हाकम सिंह के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस स्टेशन तपा के एसएचओ शरीफ खान ने बताया कि अज्ञात वाहन ड्राइवर घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।


