बरनाला जिले के गांव महल कलां में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। बता दे कि यह हादसा ट्राले की टक्कर से हुआ। पुलिस ने ट्राला ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस स्टेशन महल कलां के एसएचओ सरबजीत सिंह ने बताया कि संदीप सिंह निवासी छीनीवाल कलां के बयान पर कार्रवाई की गई है। संदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह और उनके चाचा का बेटा गुरविंदर सिंह रायकोट की एक फैक्ट्री में निजी नौकरी करते हैं। बयान के अनुसार, गुरविंदर सिंह अपने साथी हरप्रीत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर आगे चल रहा था। ट्राला ने बाइक को मारी टक्कर जब वे अपने ढाबे के पास पहुंचे, तभी रायकोट की ओर से आ रहे एक ट्राला ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बिना हॉर्न बजाए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुरविंदर सिंह सड़क पर गिर गए और ट्राले के आगे व पीछे के टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एक की मौत, एक घायल मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे हरप्रीत सिंह सड़क के दूसरी ओर जा गिरे, जिससे उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं।हरप्रीत सिंह को इलाज के लिए महल कलां के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


