कांग्रेस नेता राहुल गांधी 28 फरवरी को बरनाला में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। बता दे कि यह रैली मुख्य रूप से मनरेगा कानून को समाप्त करने के प्रयासों के विरोध में आयोजित की जा रही है। कांग्रेस हाईकमान ने देश भर में केवल तीन प्रमुख रैलियां तय की हैं, जिनमें से बरनाला को इस विशेष अवसर के लिए चुना गया है। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने इस जनसभा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए स्वयं बरनाला की अनाज मंडी का दौरा किया। उन्होंने सभा स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और प्रबंधों को अंतिम रूप दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी उत्साह विधानसभा हलका बरनाला के विधायक और जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह काला ढिल्लों ने बताया कि इस रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई हैं ताकि यह समागम ऐतिहासिक बन सके। रैली से कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश विधायक ढिल्लों के अनुसार, इस मंच से आम आदमी पार्टी की राज्य सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश किया जाएगा। रैली के दौरान राहुल गांधी पंजाब के ज्वलंत मुद्दों पर अपनी राय रखेंगे, जिससे प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में एक नई लहर पैदा होने की उम्मीद है। बता दे कि जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और विधानसभा हलका भदौड़ के वरिष्ठ नेता लक्की पक्खो सहित अन्य प्रमुख नेता भी तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।


