बरनाला में नशीली दवाओं के मामले में सील किए गए नशा मुक्ति पुनर्वास केंद्र से लाखों रुपए का सामान चोरी हो गया। चोरी का पता बुधवार को देर रात को चला। 22 एकड़ में बने बरनाला मनोरोग अस्पताल के मालिक डॉ. अमित बंसल को पुलिस ने कुछ महीने पहले गिरफ्तार किया था। अस्पताल मालिक पर नशा मुक्ति केंद्र की आड़ में नशीली दवाएं बेचने का आरोप था। इसके बाद उनके बरनाला अस्पताल समेत पंजाब के करीब डेढ़ दर्जन अस्पतालों को सील कर दिया गया था। सील करने के बाद अस्पताल के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पर लगे सभी उपकरण वहीं रखे थे। अस्पताल के आस-पास कुछ हलचल देखी जानकारी के अनुसार कल रात अस्पताल के आस-पास कुछ हलचल देखी गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जांच में पता चला कि अस्पताल का सामान बिखरा पड़ा था। कई एसी, एलईडी और लैपटॉप चोरी हो गए थे। इस बात को लेकर भी चर्चा सामने आई है कि इस चोरी में अस्पताल के रिकॉर्ड से संबंधित कई लैपटॉप चोरी हो गए हैं जो नशे के केस में जांच का हिस्सा हो सकते थे। पुलिस जांच में जुटी एसएचओ सिटी लखविंदर सिंह ने बताया कि रात को ही सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। अभी तक पुलिस को लिखित में कोई शिकायत नहीं मिली है। चोरी हुई संपत्ति और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


