नरसिंहपुर के बरमान स्थित रेत घाट पर बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। पिकनिक मनाने पहुंचे दो युवक नर्मदा नदी में स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। नहाने को दौरान पानी में डूबे दोनों युवक जानकारी के अनुसार सिंधी कॉलोनी, स्टेशन गंज नरसिंहपुर निवासी सौरभ चावला और संभव हरियाणी अपने परिवार के साथ बरमान घाट घूमने आए थे। स्नान करते समय दोनों युवक अचानक गहराई की ओर बढ़ गए और संतुलन बिगड़ने से पानी में डूबने लगे। पुलिस और गोताखोरों ने शुरू किया रेस्क्यू मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी और स्थानीय गोताखोर तुरंत सक्रिय हुए। घाट पर तैनात पुलिसकर्मी बी.एम. श्रीवास्तव ने बताया कि युवकों को पहले ही गहरे पानी में न जाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन वे अंदर चले गए। शोर सुनते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने नाव और उपलब्ध संसाधनों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय गोताखोरों ने नदी में उतरकर दोनों युवकों को तलाशा और बाहर निकाला। बेहोशी की हालत में निकाले गए दोनों युवकों को बेहोशी की हालत में बाहर लाकर परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।


