चौथ का बरवाड़ा कस्बे में नवनिर्मित शांतिनाथ जिनालय में श्री शांतिनाथ जिनबिम्ब पंचकल्याण प्रतिष्ठा महोत्सव का बुधवार को प्रतिमा स्थापना के साथ ही भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल चौथ माता ट्रस्ट धर्मशाला से भगवान की प्रतिमा के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे से पहले मंदिर में जैन मुनियों के सानिध्य एवं विधि विधान के साथ श्री शांति नाथ भगवान की प्रतिमा स्थापित की गई। साथ ही अन्य प्रतिमा भी यहां पर स्थापित हुई। कस्बे में 6 दिसंबर से ही शांतिनाथ भगवान का पंचकल्याण महोत्सव आयोजित किया जा रहा था। इस कार्यक्रम में देश से ही नहीं विदेश से भी भक्त दर्शनों के लिए आए। शांतिनाथ भगवान का ध्वजारोहण जर्मनी से आई राज देवी जैन ने किया। साथ ही कार्यक्रम में कनाडा से आए राधा गोविंद माथुर भी उपस्थित हुए। शुरुआत के साथ ही पूरे कस्बे में लगातार उत्सव का माहौल बना हुआ था। बुधवार को मोक्ष कल्याण महोत्सव के तहत पंचकल्याण महोत्सव का समापन किया गया। इस दौरान सुबह 10:00 बजे भगवान शांतिनाथ की शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया। शोभा यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गो से होती हुई नवीन जैन मंदिर में पहुंची। जहां पर भगवान के गगन चुंबी जयकारों के बीच भगवान आदिनाथ की प्रतिमा को स्थापित किया गया। मोक्ष कल्याण महोत्सव के तहत प्रवचन सभा का भी आयोजन किया गया। जिसमें जैन मुनि इंद्रानंद जी महाराज ने लोगों से भगवान के बताए हुए रास्ते पर चलने एवं अहिंसा परमो धर्म को हमेशा ऊपर रखने का आग्रह किया।


