भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल ग्राम पंचायत बरहेली में मंगलवार से दो दिवसीय वार्षिक मेला की शुरुआत हुई। मेले का शुभारंभ गांव के देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ गायता पटेल द्वारा किया गया। पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार मेला स्थल की ढाई चक्कर परिक्रमा की गई। इस अवसर पर आसपास के गांवों के देवी-देवताओं के प्रतिनिधि, सिरहा, गुनिया, बैगा तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वेशभूषा के साथ मेला परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। सरपंच प्रियंका दुष्यंत वाडिया और वार्ड पंचों ने मेले की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। सरपंच ने बताया कि मेले में आने वाले व्यापारियों और ग्रामीणों के लिए बिजली, पेयजल, स्वच्छता सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। मेले में आसपास के गांवों से पहुंचे लोग झूले, दुकानों, स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद ले रहे हैं।


