बरियातू में चेन स्नैचरों से भिड़ी महिला, फायरिंग कर भागे बदमाश

बरियातू हाउसिंग कॉलोनी चौक पर शनिवार की दोपहर 2.08 बजे चेन छिनकर भाग रहे बाइक सवार दो अपराधियों से दिलेर महिला जस्सी सलूजा (33) अकेले ही भिड़ गई। दोनों अपराधी बाइक समेत सड़क पर गिर गए। एक अपराधी उठकर पैदल भागने लगा। चेन बचने के बावजूद जस्सी अपराधी को पकड़ने के लिए दौड़ पड़ी। अपराधी ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। इसी बीच, दूसरा अपराधी बाइक उठाकर साथी के पास गया। फिर दोनों भाग निकले। जस्सी गिरिडीह की रहने वाली हैं। वह कॉलोनी में रहने वाली ननद के घर आई हुई हैं। घर से पैदल ही पति के साथ खरीदारी करने मॉल गई थीं। लौटते समय अपराधियों ने घटना का अंजाम दिया। पीड़िता ने कहा कि अपराधी ने उसे डराने के लिए दो गोली चलाई। वहीं, बरियातू थाने के थानेदार मनोज कुमार ने कहा कि अपराधियों के पास डमी हथियार था। उसमें रबर गोली थी। सबके सामने बाइक से भाग गया अपराधी जस्सी ने दैनिक भास्कर से कहा कि वह गिरिडीह से ओेरमांझी के एक रिसॉर्ट में गई थी। वहां मामा ससुर के बेटे की शादी थी। शादी संपन्न होने के बाद दोपहर करीब एक बजे कॉलोनी स्थित ननद के घर आ गई थी। इसके बाद पति के साथ खरीदारी करने पैदल बरियातू रोड स्थित एक मॉल में गई। लौटते समय जैसे ही चौक पर पहुंची, वहां पहले मौजूद बाइक पर बैठे अपराधियों ने चेन झपट लिया और भागने लगे। मैंने भी पीछे बैठे अपराधी को पकड़ लिया। दोनोें बाइक समेत गिर गए। मैं भी गिर पड़ी। चेन बच गई। पर हाथ और दोनों घुटने में चोट लगी है। छीना-झपटी में मेरे कपड़े भी फट गए। दूसरा अपराधी सबके सामने आराम से बाइक से भाग गया। इस दौरान कई लोग मौजूद थे, पर किसी ने मदद नहीं की। अगर वे आगे आए होते, तो अपराधी पकड़े जाते। घटना की शिकायत बरियातू थाने में की गई है। इधर, थानेदार मनोज कुमार कहा कि पीड़िता ने शिकायत नहीं की है। वह कौन है, इसके बारे में भी जानकारी नहीं है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *