मधुपुर पुलिस ने बरौनी-हल्दिया पाइप लाइन से क्रूड ऑयल चोरी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सारवां थाना क्षेत्र के तेलियाडीह निवासी निताय हाजरा और देवघर थाना क्षेत्र के रिखिया निवासी मनोज यादव शामिल हैं। 17 हजार रुपए नगद बरामद एक सप्ताह पहले मधुपुर थाना क्षेत्र के बदिया गांव के पास पाइप लाइन को नुकसान पहुंचाकर टैंकर में क्रूड ऑयल की चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपियों से एक बाइक, 17 हजार रुपए नगद और तेल चोरी के उपकरण बरामद किए हैं। चोरी में इस्तेमाल किया गया टैंकर कोडरमा थाने में रखा गया है। अब तक चार बार पाइपलाइन को निशाना बनाया गया इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड की पारादीप-हल्दिया-बरौनी भूमिगत पाइपलाइन पर यह पहला हमला नहीं है। पिछले एक साल में देवघर और जामताड़ा जिलों में चार बार पाइपलाइन को निशाना बनाया गया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गई हैं। तकनीकी रूप से दक्ष संगठित गिरोह पारादीप से शुरू होने वाली यह पाइपलाइन कई गांवों से होकर गुजरती है। पाइपलाइन में ज्वलनशील क्रूड ऑयल का परिवहन होता है। इससे छेड़छाड़ से विस्फोट का खतरा है और पर्यावरण को भी नुकसान हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, इन चोरी की वारदातों के पीछे एक तकनीकी रूप से दक्ष संगठित गिरोह है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।


