भास्कर न्यूज | जालंधर बर्ल्टन पार्क के पास बन रहे सरकारी स्मार्ट स्कूल का निर्माण कार्य करीब तीन साल तक अधर में लटका रहने के बाद अब दोबारा शुरू हो गया है। लंबे समय से बंद पड़े इस प्रोजेक्ट के फिर से शुरू होने से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि इसी साल स्कूल विद्यार्थियों के लिए तैयार हो सकेगा। स्कूल भवन के अंदरूनी हिस्से में कमरों का ढांचा तैयार किया जा चुका है। टाइलें लग चुकी हैं और बिजली कनेक्शन भी हो गया है, लेकिन खिड़कियों के शीशे, पाइप फिटिंग और अन्य फिनिशिंग कार्य अभी शेष हैं। फिलहाल परिसर में निर्माण सामग्री के ढेर लगे हैं और चारों ओर झाड़ियां व घास उगी हुई है। करीब 1.25 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यह इमारत बाहर से पेंट और फिनिशिंग के अभाव में खंडहर जैसी दिखाई देती है। ठेकेदार देव कुमार के अनुसार, कुछ समय तक काम रुका रहा, लेकिन 2-4 महीने पहले दोबारा ठेका मिलने के बाद निर्माण कार्य फिर शुरू किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले 2 से 4 महीनों में भवन पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) गुरिंदरजीत कौर ने बताया कि विभागीय मंजूरी और शिक्षकों की नियुक्ति होते ही स्कूल को शुरू कर दिया जाएगा। चर्चा है कि गांधी कैंप में डबल शिफ्ट में चल रहे चार स्कूलों के विद्यार्थियों को यहां शिफ्ट किया जा सकता है, जिससे उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। स्थानीय निवासी भी लंबे समय से इस स्कूल के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि अब यह प्रोजेक्ट जल्द ही हकीकत में बदलेगा।


