बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पूरा हो गया है। इसके बाद 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। चार माह तक चले इस अभियान के बाद जिले में कुल 5,35,989 मतदाता पंजीकृत हुए हैं, जिसमें प्रारूप प्रकाशन के बाद 4,350 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है। अभियान के दौरान, 772 बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए और 5,73,571 मतदाताओं का सत्यापन, मैपिंग कार्य पूरा किया। 5,31,639 गणना प्रपत्रों का पूर्ण डिजिटलीकरण किया गया। मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की पहचान कर सूची को अद्यतन किया गया। नागरिकों से प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ भी अंतिम सूची में शामिल किए गए हैं। दावे-आपत्तियों का निराकरण दावे और आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक प्राप्त की गईं। जिनका निराकरण 14 फरवरी 2026 तक किया गया। इस अभियान में 2 ईआरओ, 11 एईआरओ, 772 बीएलओ, 1200 बीएलए सहित अलग-अलग अधिकारियों, कर्मचारियों, राजनीतिक दलों और नागरिकों का सक्रिय सहयोग रहा। विधानसभा वार मतदाता आंकड़े विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार, प्रतापपुर (आंशिक) में अंतिम मतदाता संख्या 1,17,649, रामानुजगंज में 2,08,865 और सामरी में 2,09,475 दर्ज की गई है। इन तीनों क्षेत्रों में कुल 5,451 नाम जोड़े गए, जबकि 1,101 नाम विलोपित हुए, जिससे 4,350 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई। अंतिम मतदाता सूची जिला कार्यालय की वेबसाइट और राज्य निर्वाचन वेबसाइट पर उपलब्ध है। पात्र नागरिक फॉर्म-6, 7 एवं 8 के माध्यम से नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन हेतु आवेदन कर सकते हैं। यदि किसी मतदाता का नाम अंतिम सूची में शामिल नहीं हुआ है, तो वह 7 मार्च 2026 से पूर्व जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अपील प्रस्तुत कर सकता है।


