बलरामपुर में भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान शुरू:पंडित दीनदयाल उपाध्याय कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन मिला

बलरामपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 की जिला कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय एवं प्रदेश संगठन के आह्वान पर हुई। कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन भी हुआ। प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में सरगुजा संभाग जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रामकिशुन सिंह मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने संगठन की कार्यपद्धति, उसके विकास एवं विस्तार, विचारधारा, सैद्धांतिक भूमिका, रीति-नीति और प्रत्येक कार्यकर्ता के दायित्वों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यकर्ताओं को ‘पांच परिवर्तन’ विषय पर दी गई ट्रेनिंग द्वितीय सत्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता रामलखन पैंकरा ने ‘पांच परिवर्तन’ विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की विचारधारा आचरण और व्यवहार में परिलक्षित होनी चाहिए। भाजपा के प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और फिर संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण करना है। तृतीय सत्र में ‘प्रशिक्षण नवाचार’ विषय पर प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक मयंक जायसवाल ने प्रकाश डाला। उन्होंने आधुनिक युग में बढ़ते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), तकनीकी और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के महत्व पर चर्चा की। चतुर्थ सत्र जिज्ञासा समाधान और समापन सत्र के रूप में आयोजित हुआ। इसे संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने कहा कि भाजपा संगठन में प्रशिक्षण एक सतत प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को लगातार सीखने, आत्ममंथन करने और जनसेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने के लिए प्रशिक्षित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी का मुख्य उद्देश्य सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के आधार पर एक मजबूत, समृद्ध और सशक्त भारत का निर्माण करना है। पार्टी ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा के साथ मानवता की सेवा, अंत्योदय (गरीबों का उत्थान), सुशासन और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास व सबका प्रयास’ के माध्यम से भारत को विश्व पटल पर अग्रणी बनाना चाहती है। जायसवाल ने बताया कि जिला कार्यशाला प्रशिक्षण में अपेक्षित श्रेणी तय की गई थी और आगामी दिनों में जिला, मंडल एवं बूथ स्तर पर भी प्रशिक्षण अभियान आयोजित किए जाएंगे। इस जिला प्रशिक्षण कार्यशाला का संचालन भाजपा जिला महामंत्री भानु प्रकाश दीक्षित ने किया, जबकि कार्यक्रम का समापन महामंत्री संजय सिंह द्वारा किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *