बलरामपुर में लक्ष्मी राजवाड़े ने फहराया तिरंगा:शहीद जवानों के परिजनों को किया सम्मानित, विकास योजनाओं की थीम आधारित झांकियां निकाली गई

बलरामपुर में 77वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित हुआ। इसमें महिला-बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मंत्री राजवाड़े ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश पढ़ा। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का गायन किया गया। मंत्री ने कलेक्टर राजेन्द्र कटारा और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के साथ परेड का निरीक्षण किया। मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रतीक गुब्बारों को आकाश में छोड़ा। इसके बाद पुलिस बल और नगर सेना की टुकड़ियों ने हर्ष फायर कर तिरंगे को सलामी दी। परेड के बाद मंत्री ने जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। देशभक्ति और लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शासकीय और आवासीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। उर्सुलाइन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने छत्तीसगढ़ की गौरव गाथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। विकास योजनाओं की थीम आधारित झांकियां गणतंत्र दिवस के अवसर पर अलग-अलग विभागों की ओर से थीम आधारित झांकियां प्रदर्शित की गईं। इनमें जिला पंचायत, वन, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, आदिवासी विकास, शिक्षा, जल संसाधन, महिला बाल विकास सहित अन्य विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों को दर्शाया गया। पुरस्कार और सम्मान समारोह कार्यक्रम में उत्कृष्ट मार्चपास्ट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभागीय झांकियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही, वीरगाथा 5.0 के अंतर्गत चयनित बालिकाओं और जिले में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 67 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *