बलरामपुर रामानुजगंज। थाना शंकरगढ़ क्षेत्र के ग्राम कोठली स्थित पवईफाल के पवित्र हनुमान मंदिर में मूर्ति क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। यह घटना 31 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा मूर्ति को नुकसान पहुंचाया गया है। मंदिर में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा वर्ष 2021-22 में विधिवत रूप से की गई थी। हर साल 31 दिसंबर को श्रद्धालु मंदिर की साफ-सफाई और पूजा-पाठ के लिए एकत्र होते हैं। इस वर्ष जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने मूर्ति को खंडित अवस्था में पाया। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। श्रद्धालुओं ने खंडित मूर्ति के टुकड़ों को जोड़कर कपड़े से बांधा और पूजा-पाठ संपन्न किया। इस दौरान ग्राम कोठली के साथ-साथ आसपास के गांव चाजा, जलबोथा और भालूपानी के ग्रामीण भी उपस्थित थे। क्षतिग्रस्त मूर्ति की अनुमानित लागत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है। बजरंग दल ने थाने में की शिकायत इस घटना के संबंध में बजरंग दल के खंड संयोजक दयाशंकर यादव ने शंकरगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।


