बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिले के 15 थानों और 9 पुलिस चौकियों के अंतर्गत पुलिस बल की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। खासकर सीमावर्ती इलाकों में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जिले के शहरी क्षेत्रों बलरामपुर, रामानुजगंज, कुसमी, राजपुर और वाड्रफनगर सहित अन्य नगर क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। बाजार, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिक्स पॉइंट भी निर्धारित किए गए एसपी वैभव बैंकर ने बताया कि पूरे जिले में सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने जानकारी दी कि फ्लैग मार्च के साथ-साथ फिक्स पॉइंट भी निर्धारित किए गए हैं, जहां पुलिस बल लगातार तैनात रहेगा। असामाजिक तत्वों और गुंडा-बदमाशों पर विशेष नजर रखी जा रही है। एमबी एक्ट के तहत भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, ताकि कोई अव्यवस्था उत्पन्न न हो। पूरे जिले में 700 से अधिक पुलिस बल तैनात किया गया है। नशे में वाहन न चलाने की सलाह एसपी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे होली का पर्व सौहार्द और शांति के साथ मनाएं। उन्होंने नशे की हालत में वाहन न चलाने, तीन सवारी से बचने और तेज गति से वाहन चलाने से परहेज करने की सलाह दी। यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से त्योहार का आनंद लेने का आग्रह किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि होली का त्योहार पूरे जिले में आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाया जाए। इसके लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।


