बलौदाबाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने भाटापारा के खोखली स्थित अविनाश इंडस्ट्रीज का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई गुरुवार को कलेक्टर दीपक सोनी के सख्त निर्देशों के बाद अस्वच्छ परिसर में पोहा निर्माण के मामले में की गई। विभाग ने जिले में मिलावटखोरों और लापरवाह उद्योगों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेने के बाद की गई, जिसमें फर्म के परिसर में पोहा बनाने की गंभीर रूप से अस्वच्छ स्थितियां उजागर हुई थीं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जब मौके पर जाकर निरीक्षण किया, तो वहां की हकीकत और भी चौंकाने वाली पाई गई। बिना मास्क, हेडकवर के बना रहे थे पोहा अभिहित अधिकारी अक्षय कुमार सोनी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान फर्म में कार्यरत फूड हैंडलर बिना मास्क, हेडकवर और दस्तानों के पोहे का विनिर्माण कर रहे थे। पूरा परिसर अव्यवस्थित और अस्वास्थ्यकर पाया गया। इसके अलावा, फर्म खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत अनिवार्य वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण के दस्तावेज भी प्रस्तुत करने में विफल रही। कीट एवं पेस्ट नियंत्रण के भी कोई समुचित इंतजाम नहीं थे। फर्म को नोटिस जारी विभागीय टीम ने मौके से नायलॉन पोहे का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। फर्म को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने और लाइसेंस की बहाली के बाद ही फर्म के संचालन की अनुमति दी जाएगी।


