बलौदाबाजार जिले के लवन-खरतोरा मार्ग पर सेमरिया गांव के पास मंगलवार को सड़क हादसा हुआ। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। रायपुर के महादेव घाट निवासी सुखीराम कोसले (49) अपनी पत्नी सरस्वती (35) और बेटी ख्याति (10) के साथ गिरौधपुरी धाम जा रहे थे। इसी दौरान गैतरा गांव के दो दोस्त योगेश कुमार श्रेय (24) और लखेश्वर यादव (27) की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी सड़क पर गिर गए। इलाज के दौरान पति की मौत स्थानीय लोगों ने घायलों को पलारी अस्पताल पहुंचाया। सुखीराम की हालत गंभीर थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बलौदाबाजार अस्पताल भेजा गया। बाइक सवार दोनों युवकों की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। परिवार संग जा रहे थे गिरौधपुरी धाम सुखीराम की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम पसर गया। सुखीराम बाइक से अपने परिवार के साथ गिरौधपुरी धाम दर्शन की यात्रा पर निकले थे। तभी ये हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन पलारी अस्पताल पहुंचे, जहां से एक तरफ घायलों को इलाज के लिए बलौदाबाजार ले जाए गए, तो दूसरी ओर मृतक का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और घायलों को जल्द उपचार दिलाने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन को चाहिए कि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगाए जाएं, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।


