बलौदाबाजार जिले के पलारी ब्लॉक के ग्राम सकरी में गुरुवार को पराली जलाने से बड़ी दुर्घटना हो गई। यहां 35 एकड़ के पैरावट में भीषण आग लग गई। हवा के कारण आग तेजी से फैल गई। इससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर सेना अमेरा बलौदाबाजार की दो और अंबुजा सीमेंट रवान की एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। तीनों दमकल गाड़ियों ने लगातार 10 राउंड में पानी डालकर दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कई किसानों को भारी नुकसान इस हादसे में कई किसानों को भारी नुकसान हुआ है। मालिकराम यादव का 7 एकड़ पैरावट और एक बैलगाड़ी जल गई। खिलेन्द्र यादव का 10 एकड़ पैरावट, गोबर के कंडे और एक खरही नष्ट हो गई। लखेश्वर सेन का 13 एकड़ पैरावट और घरेलू जलाऊ लकड़ी जल गई। राजेन्द्र यादव का 5 एकड़ पैरावट भी जलकर खाक हो गया। प्रशासन नुकसान का आंकलन कर रहा है। ग्रामीणों ने पराली जलाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सकेगा।


