बलौदाबाजार में मंगलवार को राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर दीपक सोनी सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से दवा का सेवन कर अभियान में भागीदारी निभाई। कलेक्टर दीपक सोनी ने नागरिकों से अपील की कि फाइलेरिया बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए सभी लोग अभियान में सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि दवा का सेवन केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की निगरानी में ही किया जाए। अभियान के लिए टीम गठन, बूथों का चयन, प्रशिक्षण और दवा की उपलब्धता जैसी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलेक्टर ने अभियान की कड़ी निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी। 10 फरवरी से 25 फरवरी तक चलेगा अभियान सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि सामूहिक दवा सेवन अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी तक चलेगा। शुरुआती 3 दिन बूथों पर दवा सेवन कराया जाएगा 13 फरवरी से 22 फरवरी तक घर-घर जाकर दवा खिलाई जाएगी। 23 फरवरी से 25 फरवरी तक मॉप अप राउंड चलाया जाएगा। गिरौदपुरी मेले की तैयारियों की समीक्षा इसी क्रम में कलेक्टर दीपक सोनी ने समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की और गिरौदपुरी मेले की तैयारियों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं 18 फरवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। कानून व्यवस्था के लिए 22 अधिकारियों की तैनाती कलेक्टर ने बताया कि मेले में मजबूत कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य स्तर से राज्य प्रशासनिक सेवा के 22 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। इस बार मेला स्थल पर सुरक्षा के लिए 50 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सफाई व्यवस्था के लिए 400 कर्मचारी तैनात साफ-सफाई व्यवस्था के लिए सहायता समूह, स्वच्छग्राही और नगर पालिका के लगभग 400 सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य और सुविधा व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेले में यह व्यवस्थाएं रहेंगी— 10 स्थानों पर अस्थायी मेडिकल कैंप 6 बिस्तरों वाला स्थायी अस्पताल 10 एम्बुलेंस 30 वाहन पार्किंग स्थल 9 पुलिस कंट्रोल रूम 250 अस्थायी नल 37 पानी के टैंकर 5 फायर ब्रिगेड मेले की जानकारी के लिए वेबसाइट भी बनेगी मेले में जन सुविधाओं की जानकारी लोगों तक आसानी से पहुंचाने के लिए एक वेबसाइट का निर्माण भी कराया जा रहा है।


